प्रदर्शनी के साथ रक्तदान व मेडिकल जांच का कैंप लगाया सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को जीत लिया मन,
गुरूग्राम, 23 दिसंबर।
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2023 में आज दूसरे दिन भी बीन की स्वर लहरियों, ढोल-नगाड़ों के थाप की धमक, ठेठ हरियाणवी पोशाक में सजी-धजी लोकगीत गाती और नाचतीं महिलाओं का जोश तथा मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। स्थानीय स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद सभागार में जिला प्रशासन व सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में प्रदर्शनी के साथ नगर में गीता जी की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का जगह-जगह पर स्वागत किया गया।
अष्टादश श्लोकों का पाठ किया
आज सुबह श्री गणेश वंदना से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। महोत्सव में ठीक दोपहर 12 बजे शीतला माता मंदिर के आचार्य जयभगवान शास्त्री ने अपने साथी पुजारियों अष्टादश गीता श्लोकों का उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों के समक्ष गुंजायमान स्वर में पाठ किया। मंच पर मोंटी शर्मा व उनके साथी कलाकारों ने हरियाणवी रागिनी, गीत, भजन व मनोहारी लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी। उनके अलावा रा.व.मा.वि. अर्जुन नगर, आर.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल व राजीव गांधी हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने राजस्थानी कालबेलिया डांस, विष्णु अवतार नृत्य, श्रीकृष्ण लीला की मनभावन प्रस्तुति दी। नुसरत खान व उनके साथी कलाकारों ने भी अपने गीतों और संगीतमय झांकियों से दर्शकों का मन मोहा।
प्रदर्शनी का अवलोकन किया दर्शकों ने
गीता महोत्सव प्रांगण में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी संस्थान, गिव गीता, गांवों से आए स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद, खेल विभाग, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक की स्टालें लगी हुई थीं। यहां आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग व इलेक्ट्रोपैथी चिकित्सा शिविर व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
गीता जी की धूमधाम से निकली भव्य शोभायात्रा
दोपहर दो बजे स्थानीय गीता भवन के सामने से श्री गीता जी की भव्य शोभायात्रा बैंड बाजे के साथ प्रारंभ हुई, जिसे गुरूग्राम के एसडीएम रविन्द्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि गीता महोत्सव आम जन को अपने पुरातन संस्कारों एवं आदर्शों की स्मृति करवाता है।
इस मौके पर एडिशनल लेबर कमिश्नर कटारिया, हरियाणा सीएसआर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष बोधराज सीकरी, सनातन धर्म सभा के प्रधान सुरेन्द्र खुल्लर, जीओ गीता के जिला प्रधान जी. एल. आहूजा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार, सुभाष गाबा, शीतला माता मंदिर ट्रस्ट के पंकज भी मौजूद रहे। फूलों से सजी पालकी में हमारे विश्वप्रसिद्ध पावन ग्रंथ गीता को विराजमान कर यह शोभा यात्रा गीता भवन से कालोनी मोड़, शिव मूर्ति चौक, सोहना चौक, पुलिस कमिश्नर कार्यालय के आगे से होती हुई जिला परिषद सभागार परिसर में संपन्न हुई। यात्रा में श्री शीतला माता की झांकी,एसडी स्कूल गीता भवन की राधा-कृष्ण की झांकी, गुरु द्रोणाचार्य के साथ पांच पांडव व लोक कलाकारों की मंडली आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। शहर के अनेक महिला, पुरूष व बच्चों ने आज गीता महोत्सव का आनंद उठाया।