दो दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ किया उपायुक्त ने
जिलावासियों को गीता महोत्सव की शुभकामनाएं दी
ढोल-नगाड़े, बीनवादक और हरियाणवी गीतों ने जमाया रंग
प्रदर्शनी,सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही महोत्सव में
गुरूग्राम, 22 दिसंबर। शहर के स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद सभागार में आज शीतला माता और श्रीमद्भागवत के मंत्रोच्चारण व यज्ञ- हवन की पावन आहुतियां अर्पित करते हुए उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव -2023 का शुभारंभ किया। उनके साथ महोत्सव के नोडल अधिकारी व एडिशनल लेबर कमिश्नर कुशल कटारिया, नगराधीश दर्शन यादव, सीएमओ डा. विरेन्द्र यादव व डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार मौजूद रहे।
यज्ञ-हवन के साथ शुरू हुआ महोत्सव
जिला परिषद सभागार परिसर आज पूरी तरह से गीतामय रंग में रंगा हुआ नजर आया। जिला प्रशासन व सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में आयोजित किए गए इस दो दिवसीय धार्मिक उत्सव में हमारे देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा हरियाणा की लोक परंपराओं को दर्शाया गया है। श्री शीतला माता मंदिर के आचार्य ने आज सुबह मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ की ज्योति प्रज्ज्वलित की, जिसमें उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने पूर्णाहुति अर्पित की। इसके बाद उपायुक्त ने पांडाल में बनाए गए शीतला माता व श्रीकृष्ण भगवान के मंदिर में दीप जलाकर महोत्सव की शुरुआत की।
प्रदर्शनी का अवलोकन किया उपायुक्त ने
उपायुक्त ने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, जीओ गीता, गिव गीता, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय संस्थान, स्वयं सहायता समूह, खेल विभाग, इलेक्ट्रोपैथी, आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला रैडक्रास सोसायटी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, वित्तीय साक्षरता, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग आदि की स्टालों का अवलोकन किया। उपायुक्त ने यहां प्रदर्शनी में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर उनका हौंसला बढ़ाया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जनहित में चलाई जा रही सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को दिलवाए जाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने इस आयोजन की सराहना करते हुए जिलावासियों को गीता महोत्सव की बधाई दी। उन्होंने कहा कि परमयोगी भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को जो गीता ज्ञान दिया था, वह आज भी हम सबके लिए प्रासंगिक है। नगराधीश दर्शन यादव ने कहा कि जिलास्तर पर मनाए जा रहे गीता महोत्सव में सभी विभाग, सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं सहयोग दे रही हैं।