विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित
सोहना, गुरूग्राम, 19 दिसंबर, देश क्लिक ब्यूरो
सोहना खंड के गांव लोहसिंघानी में आज विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और शीघ्र उनका समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इस यात्रा में मोबाइल वैन की एलईडी पर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लघु फिल्मों के जरिए दर्शाया गया।
गांव लोहसिंघानी में आज भाजपा प्रदेश सचिव समय सिंह भाटी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने सर्वप्रथम आयोजन स्थल पर लगी विभागीय स्टालों का अवलोकन किया और उनकी योजनाओं की जानकारी ली। इसके बाद ग्रामीणों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलवाई गई। भाजपा नेता समय सिंह भाटी ने ग्रामवासियों को उनके मकानों व प्लाटों के स्वामित्व पत्र सौंपे।
मेरी कहानी मेरी जुबानी
गांव लोहसिंघानी निवासी महिला मिथलेश ने बताया कि वह गांव के ही सिद्घि महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई है। यह समूह अपने घरेलू उत्पाद तैयार कर गांव में बेच रहा है। जिससे समूह की 11 सदस्याएं आजीविका प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उनके समूह को वित्तीय सहायता भी उपलब्ध करवाई गई है।
मेडिकल कैंप का आयोजन हुआ
कार्यक्रम के दौरान गांव में स्वास्थ्य विभाग तथा आयुष विभाग की ओर से नि:शुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया गया। ग्रामीणों को शरीर में खून की कमी, तपेदिक व एड्स जैसी बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर गांव लोहसिंघानी की सरपंच शीतल कुमारी, मुख्याध्यापक देवदत्त, भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरव चुघ, एसईपीओ बलजीत सिंह राजेश कुमार, जेई दौलतराम, मोहम्मद करार इत्यादि मौजूद रहे।
--------