गुरूग्राम, 13 अक्टूबर।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे क्लीन इंडिया अभियान के तहत आज नेहरू युवा केन्द्र द्वारा जिला में गांव लोकरा व अर्जुन नगर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में श्रमदान एवं प्लास्टिक रोकथाम हेतु स्वच्छता जागरूकता संबंधी गतिविधियो का आयोजन किया गया।
नेहरू युवा केन्द्र के उपनिदेशक कृष्ण लाल पारचा ने बताया कि गांव लोकरा युवा मंडल के साथियों ने अपने गांव में घर घर जाकर लोगों से प्लास्टिक का कचरा एकत्रित कर, उन्हें प्लास्टिक के पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया। इस दौरान युवा मंडल की टीम ने ग्रामीणों को पोलीथिन की जगह कपड़े या जूट के बायोडीग्रेडेबल बैग के प्रयोग के लिए भी जागरूक किया।
श्री पारचा ने बताया कि क्लीन इंडिया अभियान के तहत आज अर्जुन नगर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भी सफाई अभियान चलाने के साथ साथ विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। वहीं गांव दौलताबाद स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने आज गांव में जागरूकता रैली निकाल कर, लोगों को सिंगल यूज्ड प्लास्टिक के प्रयोग को बंद करने के लिए भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि अभियान में शिक्षा विभाग एवं गैर सरकारी संगठनों द्वारा सराहनीय योगदान मिल रहा है।