चंडीगढ़: 7 जनवरी, देश क्लिक ब्योरो
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने आम आदमी पार्टी के कैबिनेट मंत्री फौज सिंह सरारी के इस्तीफे को लेकर बात करते हुए कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की जीत है। भाजपा शुरू से ही कहती आई है कि सरारी की सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडियो की जांच होनी चाहिए, लेकिन भगवंत मान सरकार ने अपने मंत्री को बचाने के लिए 6 महीने का समय निकाल दिया और अब जब राजनीतिक दबाव बढ़ गया तो उससे इस्तीफा ले लिया है।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि दिल्ली के कई मंत्री जेल में हैं और पंजाब सरकार ने इस मामले में कार्यवाही करने में 6 महीने का समय लगा दिया। इन 6 महीनों के दौरान फौज सिंह सरारी ने और क्या कुछ किया है इसकी जाँच कौन करेगा? क्या सरारी पर ऍफ़आईआर दर्ज की जाएगी और उसे गिरफ्तार किया जाएगा? शर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य की जनता को मुर्ख बनाने के लिए सिर्फ सरारी को पद से हटाया गया है। उसके विरुद्ध कोई कार्यवाही अभी तक क्यूँ नहीं की गई? इसका स्पष्ट मतलब है कि पंजाब सरकार की नीयत में खोट है, वह अपने मंत्री को बचाना चाहती है।