पंजाब में 700 किसानों की हत्या करने वाली बीजेपी किस मुँह से लड़ रही है चुनाव?
मोहाली, 14 फरवरी (देश क्लिक ब्योरो)
मोहाली विधानसभा क्षेत्र से संयुक्त समाज मोर्चा के उम्मीदवार रवनीत बराड़ ने कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि संयुक्त समाज मोर्चा इन पारंपरिक पार्टियों से अलग सोच से चलता है और लोगों को एक अलग किस्म का शासन देने का दम रखता है।
बराड़ ने कहा कि किसान आंदोलन से निकला संयुक्त समाज मोर्चा और पंजाब के लोग भाजपा से सवाल कर रहे हैं कि वे पंजाब में किस मुँह से चुनाव लड़ रहे हैं। पंजाब के किसानों को एक साल से ज्यादा समय तक आंधी तूफान, गर्मी, सर्दी मैं बैठने के लिए मजबूर करने वाली और 700 से अधिक किसानों की शहादत की कसूरवार भारतीय जनता पार्टी और उसको चलाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह आज किस मुंह से पंजाब में आकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 700 से ज्यादा किसान मोदी की हठधर्मी के चलते लाश बनकर दिल्ली से पंजाब लौटे थे लेकिन बीजेपी को शर्म नहीं आई। ऐसे में पंजाब की जनता बीजेपी जैसी पार्टी को चुनाव में करारा जवाब देगी।
उन्होंने मोहाली से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और पंजाब के सबसे धनी उम्मीदवार कुलवंत सिंह पर भी निशाना साधा और कहा कि कुलवंत सिंह पैसे के बल पर वोट खरीदना चाहते हैं। मोहाली के कल्याण के लिए कुलवंत सिंह का अपना कोई एजेंडा नहीं है। उन्हें केवल हर हाल में सत्ता में बने रहना है।
बराड़ ने कहा कि आश्चर्य की बात नहीं है कि चुनाव हारने के बाद, कुलवंत सिंह भाजपा के बैनर तले अगला चुनाव लड़ेंगे क्योंकि उनके पास पंजाब में कोई अन्य पार्टी नहीं बची है।