....हलका खरड़ वासियों के समर्थन की बदौलत सीट जीतकर पार्टी की झोली में डालेंगे
.... 2022 में सरकार बनते ही केजरीवाल की सभी गारंटियों को पूरा किया जाएगा
.... 'आप' की सरकार बनने पर दिल्ली की तरह ही पंजाब में भी शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में अविश्वसनीय सुधार होगा
खरड़, 10 नवंबर 2021
पंजाब के विकास के लिए अरविंद केजरीवाल पूरी तरह प्रतिबंध है। केजरीवाल के पास पंजाब के लिए विजन है। बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सभी चीजों के लिए उन्होंने योजना बना रखी है। आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर पंजाब में युद्ध स्तर पर उन सभी योजनाओं पर काम किया जाएगा। उक्त बातें आम आदमी पार्टी पंजाब के यूथ विंग के प्रधान और हल्का खरड़ के प्रभारी अनमोल गगन मान ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के बाद कही।
मान ने बुधवार को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर पंजाब के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की एवं पंजाब की समस्याओं से केजरीवाल को अवगत कराया। मीडिया को दिए अपने बयान में मान ने कहा कि 2022 में पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर अरविंद केजरीवाल द्वारा पंजाब के लोगों को दी गई सभी गारंटियों को पूरा किया जाएगा। कांग्रेस सरकार की तरह केजरीवाल की एक भी गारंटी अधूरी नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी की तरह केजरीवाल झूठे वादे नहीं करते हैं। वे जो बोलते हैं उससे ज्यादा करके दिखाते हैं। ऐसा उन्होंने दिल्ली में कर दिखाया है। दिल्ली में उनके द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य पर किए गए कार्य अभूतपूर्व है। आज दिल्ली के विकास मॉडल की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। विदेशी मेहमान भी जब भारत आते हैं तो वे दिल्ली के सरकारी स्कूलों का भ्रमण करते हैं।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की गारंटी के तहत पंजाब में मार्च 2022 में सरकार बनते ही सभी परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। पंजाब में 16000 पिंड क्लीनिक बनाए जाएंगे। सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की पर्याप्त व्यवस्था होगी और लोगों का मुफ्त इलाज होगा। वर्तमान में सरकारी अस्पतालों की जो बदतर व्यवस्था है आप की सरकार आने पर उसे दिल्ली की तरह ही सुधार किया जाएगा। सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त जांच की व्यवस्था होगी और सारे उपकरण भी मौजूद हो होंगे। सरकारी अस्पतालों के मरीजों को मार्च 2022 के बाद बाहर से जांच नहीं करानी पड़ेगी।
मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब के किसानों की तरक्की के लिए भी संकल्पित है। कृषि का विकास आम आदमी पार्टी की पहली प्राथमिकता रहेगी। अरविंद केजरीवाल जी ने पंजाब के किसानों को गारंटी दी है कि मार्च 2022 के बाद पंजाब का एक भी किसान आत्महत्या नहीं करेगा। आप की सरकार व्यापारियों और उद्योगपति की भी पूरी सुरक्षा करेगी। पिछली सरकारों की गलत नीतियों के कारण पंजाब में पतन के कगार पर पहुंचे उद्योग-व्यापार को बढ़ा कर पंजाब के राजस्व में वृद्धि की जाएगी और युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आप की सरकार आने पर दिल्ली के सरकारी स्कूलों की तरह ही पंजाब के सरकारी स्कूलों को भी आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। मार्च 2022 के बाद गरीब के बच्चे और अमीर के बच्चे की शिक्षा में कोई फर्क नहीं रह जाएगा। उन्होंने पंजाब के लोगों से पंजाब की खुशहाली, तरक्की और विकास के लिए 2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने की अपील की।